सुरक्षित मातृत्व सेवाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा:मुख्य सचिव ने दिए डिजिटल ट्रैकिंग और समयबद्ध रेफरल के निर्देश देखें वीडियो
*सुरक्षित मातृत्व सेवाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा: मुख्य सचिव ने दिए डिजिटल ट्रैकिंग और समयबद्ध रेफरल के निर्देश, बीकानेर में जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने लिया भाग*
बीकानेर, 21 जुलाई। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में मंगलवार को स्वास्थ्य भवन, जयपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से सुरक्षित मातृत्व सेवाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस वीसी से पूर्व बीकानेर में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी ब्लॉकों की हाई रिस्क गर्भवती (एचआरपी) महिलाओं की अद्यतन लाइन लिस्ट, संभावित प्रसव तिथि तथा प्रसव कार्ययोजना का गहन सत्यापन किया गया।
*बीकानेर जिला व ब्लॉक स्तर से जुड़े अधिकारी*
राज्य स्तरीय वीसी में बीकानेर से मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ सुरेंद्र वर्मा अधीक्षक डॉ बी सी घीया, संयुक्त निदेशक (स्वास्थ्य) डॉ. देवेंद्र चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध, आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर मोदी, डिप्टी सीएमएचओ (परिवार कल्याण) डॉ. योगेंद्र तनेजा, डिप्टी सीएमएचओ (स्वास्थ्य) डॉ. लोकेश गुप्ता एवं डॉ. नवल गुप्ता सहित समस्त ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ), अस्पतालों के प्रभारी और एएनएम व सीएचओ ऑनलाइन शामिल हुए।
*डिजिटल ट्रैकिंग और सुरक्षित प्रसूति पर जोर*
मुख्य सचिव ने हाई रिस्क गर्भवतियों की सतत मॉनिटरिंग, डिजिटल ट्रैकिंग और रेफरल प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर एचआरपी महिला का नियमित फॉलोअप किया जाए और किसी भी आपात स्थिति में उन्हें तत्काल उच्च चिकित्सा संस्थान भेजा जाए। बैठक में संतोष व्यक्त किया गया कि बीते 24 घंटे में प्रदेश के सभी हाई रिस्क प्रसव पूरी तरह सुरक्षित रहे, जिस पर मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य टीम के प्रयासों की सराहना की।
*प्रतिदिन होगी समीक्षा*
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने राज्य से लेकर फील्ड स्तर तक रोजाना वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से जुड़े स्वास्थ्य आंकड़ों के नियमित संकलन और विश्लेषण पर विशेष जोर दिया ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा सके।
हमसे जुड़ें



