पीबीएम अस्पताल के ठेका कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने के विरोध में कलेक्ट्रेट के आगे किया प्रदर्शन देखें वीडियो
पीबीएम अस्पताल के ठेका कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, 3-4 माह से वेतन नहीं मिलने पर जिला कलेक्टर से लगाई गुहार
बीकानेर।
पीबीएम अस्पताल में कार्यरत ठेका कर्मचारियों ने पिछले तीन से चार माह से वेतन नहीं मिलने और आर्थिक शोषण का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट से हस्तक्षेप की मांग की है। पीबीएम अस्पताल ठेका कर्मचारी संघ की ओर से बुधवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान कराने और संबंधित ठेका एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि अस्पताल में ठेका व्यवस्था का संचालन उदयपुर की भुवनाधार्य/भुवनाधार्य सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (पत्र में अंकित नामानुसार) द्वारा किया जा रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि एजेंसी ने पिछले तीन से चार माह से वेतन का भुगतान नहीं किया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस, मकान किराया, राशन तथा अन्य जरूरी खर्च पूरे करना भी चुनौती बन गया है। इससे कर्मचारियों को मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संघ ने यह भी बताया कि पूर्व में कर्मचारियों की मांगों को लेकर हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद प्रशासन और कंपनी प्रतिनिधियों ने प्रत्येक माह की 5 से 7 तारीख के बीच कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन जमा कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ।
संघ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ठेका एजेंसी को तत्काल पाबंद कर कर्मचारियों का तीन से चार माह का बकाया वेतन जारी कराया जाए, भविष्य में प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा कर्मचारियों का शोषण करने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
हमसे जुड़ें



