रक्तदान शिविर में रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे रक्तदाता, व्यवस्था संभालने के लिए बाहर से बुलानी पड़ी डॉक्टरों की टीम देखे वीडियो
रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे रक्तदाता, व्यवस्था संभालने के लिए बाहर से बुलानी पड़ी डॉक्टरों और तकनीकी टीमों की अतिरिक्त सहायता
बीकानेर, 2 अगस्त। शहर के हरिकिशन नला रोड पर रविवार को आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में सेवा, समर्पण और मानवता का अद्भुत संगम देखने को मिला। रक्तदान के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया, जिससे पूरे दिन शिविर स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए अपनी भागीदारी निभाई।
रक्तदाताओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए रक्त संग्रह की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बीकानेर के बाहर से डॉक्टरों और तकनीकी स्टाफ की अतिरिक्त टीमों को बुलाना पड़ा। यह पहली बार रहा जब शिविर में रक्त संग्रह के लिए बाहरी टीमों की सहायता लेनी पड़ी।
इस रक्तदान शिविर का आयोजन खिदमतगार खादिम सोसायटी एवं असहाय सावे संस्थान के सहयोग से किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी राजकुमार, जुनैद खान, हाजी मलंग बाबा, अयूब चाचा, इमरान भाई और सोहेब भाई सहित अनेक स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान से एकत्रित रक्त विभिन्न अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। शिविर में उमड़े जनसैलाब ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बीकानेर सेवा, सहयोग और मानवता की परंपरा को हमेशा आगे बढ़ाता रहा है।
हमसे जुड़ें



