51 लाख की कैश वैन लूट का पुलिस ने किया पर्दाफाश, बैंक से जुड़े दो कार्मिको को किया गिरफ्तार देखे वीडियो
बीकानेर में 51 लाख की कैश वैन लूट का पर्दाफाश, बैंक से जुड़े दो कार्मिक गिरफ्तार
एंकर बीकानेर में 51 लाख की कैश वैन लूट का पर्दाफाश, बैंक से जुड़े दो कार्मिक गिरफ्तार
बीकानेर। जिले के पांचू थाना क्षेत्र में 5 अगस्त को बैंक की ब्रांच में कैश पहुंचाने जा रही वैन से हुई 51 लाख रुपए की लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि लूट की साजिश में बैंक से कैश पहुंचाने वाले कार्मिक ही शामिल थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चरकड़ा निवासी विक्रम सिंह और स्वरूपदेसर निवासी श्याम सुंदर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका तथा लूट की रकम के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त को पांचू थाना क्षेत्र में साधुना और सारुंडा गांव के बीच बैंक का कैश लेकर जा रही वैन को बोलेरो सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने रोक लिया था। बदमाशों ने कैश वैन में मौजूद कर्मचारियों को हथियार दिखाकर डराया और कैश से भरा बॉक्स लेकर मौके से फरार हो गए थे। बॉक्स में करीब 51 लाख रुपए की नकदी बताई गई थी।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पांचू थाना पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और वारदात से जुड़े लोगों की गतिविधियों को खंगालना शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले और सामने आया कि वारदात में बाहरी बदमाशों के साथ-साथ कैश पहुंचाने की प्रक्रिया से जुड़े कार्मिकों की भूमिका भी संदिग्ध है। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बी.एल. मीणा, नोखा सीओ जरनैल सिंह और पांचू थानाधिकारी ईश्वर जांगिड़ सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में लूट की पूरी साजिश, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और 51 लाख रुपए की रकम से जुड़े कई अहम राज सामने आने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
हमसे जुड़ें



