केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल दो दिवसीय बीकानेर दौरे पर मीडिया से रूबरू होते राहुल गांधी पर साधा निशाना देखें वीडियो
बीकानेर। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को बीकानेर दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया और मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा।
राहुल गांधी के कोटा दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर मेघवाल ने कहा कि जिस समय छात्र अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में व्यस्त थे, उस महत्वपूर्ण समय में इस तरह का दौरा नहीं होना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अराजकता की भाषा बोलते हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि देश के नागरिक परिपक्व हैं और उन्हें भरोसा है कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित हाथों में है। रेल मंत्री अश्विनी वैश्नव के प्रस्तावित बीकानेर दौरे को लेकर मेघवाल ने कहा कि उनका आगमन अपने आप में महत्वपूर्ण है। रेल मंत्री अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में भाग लेने के साथ ही साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए एम्स के विशेषज्ञों की एक समिति बनाई गई है। डिलीवरी के दौरान मरीजों की बेहतर देखभाल और उपचार व्यवस्था को लेकर लगातार वर्चुअल संवाद किया जा रहा है। इस दौरान मेघवाल ने नाल क्षेत्र में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारंभ किया तथा अटल पथ का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर विधायक डॉ विश्वनाथ मेघवाल और विधायक ताराचंद सारस्वत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
हमसे जुड़ें



