भारत विकास परिषद नगर इकाई ने आयोजित की प्रांत स्तरीय समूह गान प्रतियोगिता देखे वीडियो
बीकानेर
भारत विकास परिषद नगर इकाई ने आयोजित की प्रांत स्तरीय समूह गान प्रतियोगिता
13 विद्यालयों की टीमों ने लिया भाग, हिंदी-संस्कृत एवं लोकगीत वर्ग में विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
बीकानेर। भारत विकास परिषद नगर इकाई बीकानेर के तत्वावधान में रविवार को टी.एम. ऑडिटोरियम में प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बीकानेर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिलों के 13 विद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर हिंदी, संस्कृत एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
हिंदी-संस्कृत वर्ग में हनुमानगढ़ प्रथम
हिंदी-संस्कृत समूह गान प्रतियोगिता में एस.आर.एम. इंटरनेशनल स्कूल, हनुमानगढ़ ने प्रथम, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, बीकानेर ने द्वितीय तथा हर्ष पब्लिक स्कूल, सूरतगढ़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लोकगीत वर्ग में सूरतगढ़ ने मारी बाजी
लोकगीत प्रतियोगिता में हर्ष पब्लिक स्कूल, सूरतगढ़ ने प्रथम, पूजा इंटरनेशनल स्कूल, डीडवाना ने द्वितीय तथा माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, बीकानेर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा निदेशालय, बीकानेर के ज्वाइंट डायरेक्टर श्री अरुण शर्मा ने कहा कि भारत विकास परिषद बच्चों में संस्कार एवं राष्ट्रप्रेम की लौ जगाने का उत्कृष्ट कार्य कर रही है। विशिष्ट अतिथि सिंथेसिस कोचिंग इंस्टीट्यूट के निदेशक श्री मनोज बजाज ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में प्रतिभा की अपार संभावनाएं हैं और ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
कार्यक्रम में परिषद की प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दीप्ति वाहल, महासचिव डॉ. संजय जिंदल, क्षेत्रीय संयुक्त सचिव श्री विनोद सैन, प्रतियोगिता पर्यवेक्षक श्री रितेश अरोड़ा, प्रांतीय संस्कार गतिविधि संयोजक श्रीमती दिव्या माथुर एवं प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी श्री अनिल टुटेजा उपस्थित रहे। नगर इकाई अध्यक्ष श्री राजीव शर्मा, सचिव श्री ओम प्रकाश छाबड़ा, कोषाध्यक्ष श्री ब्रजेश शर्मा सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं परिषद सदस्य भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के निर्णायक श्री प्रवीण मिश्रा एवं सुजानगढ़ के श्री शंकर माहेश्वरी थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय जिंदल एवं श्री अनिल टुटेजा ने किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति एवं सामूहिकता की भावना से जोड़ने का संदेश दिया गया।
हमसे जुड़ें



