राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का नवम दीक्षांत समारोह हुआ आयोजित देखें वीडियो
बीकानेर राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का नवम दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान, पुणे के निदेशक डॉ. नवीन कुमार विशिष्ट अतिथि तथा विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में विद्यार्थियों को कुल 623 उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 462 स्नातक, 141 स्नातकोत्तर और 20 विद्यावाचस्पति (पीएचडी) उपाधियां शामिल हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों को 2 कुलाधिपति पदक, 36 स्वर्ण पदक, 2 रजत पदक और 2 कांस्य पदक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने किसानों से दूध उत्पादन और पशुपालन को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान अच्छी नस्ल की अधिक दूध देने वाली गायों का पालन करें, ताकि उनकी आमदनी बढ़े और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो। उन्होंने पशुपालन को आजीविका का बेहतर माध्यम बनाने के लिए आधुनिक तौर-तरीके अपनाने पर भी जोर दिया।
राज्यपाल ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर के साथ-साथ पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाता है। युवाओं को नशे में पैसा और समय बर्बाद करने के बजाय अच्छी शिक्षा प्राप्त करने, अच्छे संस्कार अपनाने और अपने भविष्य को संवारने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा देश और समाज के निर्माण में लगाने तथा नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने की अपील की।
हमसे जुड़ें



